
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
15 जून 2023
भगवान शिव के खिलाफ अश्लील और घटिया टिप्पणी करने वाले डॉक्टर नदीम अख्तर के खिलाफ लगातार जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को हिंदू एकता मंच और हिमाचल व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वाधान में बंद के आह्वान पर एक तरफ जहां जिला भर के सभी बाजार बंद रहे, वहीं दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर बसे कस्बा मैहतपुर में फिर से सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे और डॉक्टर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रोष रैली निकालते हुए प्रदर्शनकारियों ने डॉक्टर के अस्पताल के ही सामने उसका पुतला फूंक डाला, और अस्पताल परिसर के आगे जोरदार नारेबाजी के बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया। हिंदू एकता मंच के संयोजक चंदन शर्मा ने कहा कि देश की न्यायपालिका को ऐसे लोगों के खिलाफ नरमी नहीं बरतनी चाहिए उन्होंने कहा कि डॉक्टर की जमानत याचिका खारिज होनी चाहिए और उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए। दूसरी तरफ नगर परिषद के पूर्व पार्षद विवेक भारद्वाज ने कहा कि डॉ नदीम इससे पहले भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और पोस्ट करता आया है ऐसे में डॉक्टर के खिलाफ व्यापक जांच करते हुए कार्रवाई अमल में लानी चाहिए और इसके किस किस जगह किस किस के साथ संबंध हैं उसकी भी जांच हो। हिंदू संगठनों ने ऐलान किया कि यदि अब भी डॉक्टर नदीम अख्तर की जमानत याचिका खारिज नहीं होती है तो इसके बाद प्रदेश भर में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

हिमाचल व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सोमेश शर्मा ने कहा कि डॉक्टर नदीम अख्तर द्वारा की गई टिप्पणी केवल मात्र अभद्र नहीं है अपितु यह असहनीय है। उन्होंने कहा कि देव भूमि हिमाचल प्रदेश के लाखों लोग भगवान शिव को अपना आराध्य मानते हैं ऐसे में डॉक्टर नदीम को टिप्पणी करने से पहले कुछ सोचना चाहिए था कि वह एक समुदाय और धर्म विशेष के खिलाफ अपमानजनक शब्द लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल व्यापार मंडल ने हिंदू एकता मंच के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हुए बंद का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि अब भी डॉक्टर के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो हिमाचल व्यापार मंडल प्रदेश भर में बंद का आह्वान करते हुए कारोबार ठप करेगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और प्रशासन की होगी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





