
खबर अभी अभी
बिलासपुर,
02 जून 2026। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर की अध्यक्ष श्रीमती अंजना धीमान के नेतृत्व में आज कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने माननीय राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाल के वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं, विशेषकर नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक एवं अन्य अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
श्रीमती अंजना धीमान ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का विश्वास कमजोर किया है। नीट परीक्षा विवाद और विभिन्न परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा उनमें मानसिक तनाव और असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में केंद्र सरकार विफल रही है। ऐसे गंभीर मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी ने निम्न मांगें उठाईं—
1. केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।
2. नीट पेपर लीक एवं परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच।
3. परीक्षा घोटालों एवं भ्रष्टाचार में शामिल सभी व्यक्तियों और संस्थाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई।
4. विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का विश्वास बहाल करने के लिए शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार।
श्रीमती अंजना धीमान ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी स्थिति में दांव पर नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने माननीय राष्ट्रपति से इस गंभीर विषय में हस्तक्षेप कर विद्यार्थियों के हितों की रक्षा हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव विवेक कुमार,विकास ठाकुर, सदर ब्लाक अध्यक्ष मस्त राम , चमेल सिंह , पूर्व महासचिव अधिवक्ता अनुराग पंडित ,सरपाल ठाकुर, नीलम सूद ,राज कुमार , हुसैन अली , अब्दुल मज़ीद,पदाधिकारी, मनीष कुमार , नरेंद्र कुमार कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।





