
2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

हमीरपुर। उप जेल हमीरपुर में चिट्टा समेत प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह पांचवीं गिरफ्तारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हमीरपुर शहर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान नए आरोपी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब प्रतिबंधित सामग्री जेल परिसर तक पहुंचाने वाले पूरे नेटवर्क और आरोपियों के संपर्क सूत्रों की भी जांच कर रही है।
15 जुलाई को सामने आया था मामला
मामला 15 जुलाई को सामने आया था। उप जेल हमीरपुर की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति ने एल्युमीनियम फॉयल में लिपटा एक पैकेट जेल परिसर के भीतर फेंक दिया था।
प्रतिबंधित सामग्री कैदियों तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई। पैकेट की तलाशी के दौरान करीब डेढ़ ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन, नशीले कैप्सूल/दवाइयां, बीड़ी, लाइटर और कुछ नकदी बरामद हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब पांचवीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि जेल परिसर तक प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और आरोपियों के बीच किस तरह संपर्क था।
3 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि जेल में नशा मिलने के मामले में पहले गिरफ्तार चार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके संपर्क सूत्रों की भी तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 3 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है।
खबर अभी अभी | हमीरपुर





