
खबर अभी अभी
जिला सोलन ,अर्की तहसील के गांव कोट ,डाकघर डुमैहर निवासी व स्पेशल ओलंपिक्स भारत के बास्केटबॉल टीम के हेड कोच एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर में डी पी ई के पद पर कार्यरत श्री राज कुमार पाल ने अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल ऑफिशियल की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने क्षेत्र के साथ पूरे हिमाचल का नाम रोशन किया है। श्री पाल ने बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) की “बी पैनल रैफरी” की राष्ट्रीय परीक्षा 2015 में आंध्र प्रदेश में तथा “ए पैनल रेफरी” की राष्ट्रीय परीक्षा 2018 में उत्तीर्ण की थी। जनवरी, 2026 में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल महासंघ द्वारा टेबल ऑफिशियल परीक्षा आयोजित की गई जिसमें श्री पाल जी ने यह परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए न केवल अपने विद्यालय का बल्कि पूरे सोलन जिले का गौरव भी बढ़ाया है । इस परीक्षा में सफलता के साथ अब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में एक रैफरी के रूप में आधिकारिक भूमिका निभाने के लिए भी अधिकृत हो गए हैं। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले वह हिमाचल के दूसरे अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल ऑफिशियल बन गए हैं। उनके साथ बड़सर ,जिला हमीरपुर के संजय ठाकुर जी ने भी इस परीक्षा को तीसरी बार उत्तीर्ण कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

श्री राज कुमार पाल स्पेशल ओलंपिक्स इंडिया के बास्केटबॉल टीम के हेड कोच भी हैं और उन्होंने स्पेशल ओलंपिक्स विश्व खेलों में तीन बार बास्केटबॉल हेड कोच के रूप में जिसमें 2019 में यूएई ,2023 में बर्लिन (जर्मन) तथा 2025 में पुरतो रीको (अमेरिका) में भारत का प्रतिनिधित्व किया व उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने स्वर्ण ,रजत व कांस्य पदक जीता है।राज कुमार पाल ने इस सफलता का श्रेय बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सभी पदाधिकारियों , हिमाचल बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों जिसमें श्री मुनीश शर्मा, श्री सुशील शर्मा,श्री अजय सूद, श्री संजय ठाकुर, श्री उमेश कुमार ,श्री राज कुमार राणा आदि व अपने परिवार को दिया है।
श्री पाल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त स्टाफ, समस्त विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों व विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
राज कुमार पाल





