बारिश पर आस्था भारी, श्री नयना देवी में आठ हजार भक्तों ने भरी हाजिरी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

14 अगस्त 2023

Faith on rain is heavy eight thousand devotees attended Shri Naiana Devi

 भारी बरसात के बावजूद प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी में श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आ रही है। रविवार को 8,000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। वहीं, मंदिर में श्रावण माह के मेलों को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। भारी बारिश के बीच विश्वविख्यात मंदिर श्री नयना देवी में सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। रविवार की छुट्टी के चलते मंदिर में प्रदेश के साथ बाहरी राज्यों से श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट सुबह 4:00 बजे खोल दिए गए थे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालु आना शुरू हो गए थे। मंदिर को जाने वाली सड़कें सुरक्षित होने से श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में आसानी रही।

पूरा दिन मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। बीच-बीच में बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं ने शांति व्यवस्था बनाई रखी और कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में आहुतियां भी डालीं और परिवार की सुख शांति के लिए प्रार्थना की। छोटे-छोटे जत्थों में श्रद्धालुओं को मंदिर में भेजा गया, ताकि उचित व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन की ओर से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उचित सुविधाओं का प्रबंध किया था, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं 17 अगस्त ने श्रावण मेले शुरू हो रहे हैं। इसे लेकर भी मंदिर न्यास की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर को रंग बिरंगे फूलों से सजाने का कार्य किया जा रहा है। श्रावण मेले दस दिनों तक चलते हैं। इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news