
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
20 जून 2023

चंबा के सलूणी में हुए मनोहर हत्याकांड के हत्यारों को जल्द फांसी की सजा देने के लिए मंडी में विश्व हिंदू परिषद ने प्रदर्शन किया और उपायुक्त अरिंदम चौधरी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम विश्व हिंदू परिषद ने मनोहर हत्याकांड में फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन और आरोपियों की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी से करवाने की मांग की है।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के प्रान्त विशेष सम्पर्क प्रमुख एवं जिला पालक गोविंद ने कहा कि प्रदेश में कुछ समय से इस्लामिक जेहादी कट्टरता बढ़ती जा रही है और हिंदुओं पर योजना पूर्वक हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंबा जिला के सलूनी क्षेत्र में हिंदू युवक मनोहर की नृशस हत्या इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिस अमानवीय तरीके से मनोहर के शरीर के कई टुकड़े किए गए हैं वह मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य था और इस कृत्य की जितनी अधिक निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल से मांग करता है कि चंबा हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से प्रतिदिन सुनवाई हो और इन्हें जल्द से जल्द फांसी दी जाए।
उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से हो तथा इनके आतंकवादियों से कथित संबंधों की भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि प्रांत के सभी कस्बों, उपमंडल व जिला मुख्यालय पर प्रदेश के बाहर से आने वाले लोगों का पंजीकरण कानूनी व्यवस्था द्वारा सुनिश्चित हो तथा जो मुसलमान गांव, कस्बों, उपमंडल व जिला मुख्यालय पर महंगी दुकानें और घर लेकर रह रहें हैं जबकि इनकी आए के साधन का कोई पता नहीं है, इन मामलों की आयकर विभाग और प्रदेश सरकार की जांच एंजेसीयों के माध्यम से इनके आय के स्त्रोत का पता लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का हिंदू समाज राज्यपाल से अपेक्षा करता है कि इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर प्रदेश सरकार को कठोर कार्यवाही का आदेश देंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति से विश्व हिंदू परिषद का कोई लेना देना नही है हिंदू के साथ, चाहे वो देश मे है या विदेश में विश्व हिंदू परिषद उसके लिए छाती तान कर खड़ा है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





