
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 जून 2023

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में नशे का धंधा करने वाले आनी क्षेत्र के सतपाल, रामपुर निवासी चेतन और नेपाल मूल की महिला को चिट्टा सप्लाई करने वाले सरगना संजय भूरिया को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दो माह पहले रामपुर क्षेत्र में चिट्टे का धंधा करने के आरोप में महिला समेत तीन लोगों को पकड़ा था। इनसे पूछताछ के बाद रामपुर पुलिस ने पंजाब और हरियाणा पुलिस की मदद से आरोपी संजय भूरिया, हाउस नंबर 208 मटोर, जिला कैथल हरियाणा को नौ जून को गिरफ्तार किया। उसे शुक्रवार को ही रामपुर लाया गया है।
इसके खिलाफ सोलन और शिमला में पहले से ही मामले दर्ज किए गए हैं। संजय भूरिया के खातों में करोड़ों का लेन-देन भी मिला है। इसके एक निजी बैंक खाते को भी फ्रीज किया गया है। खाते में इस समय करीब साठ लाख रुपये हैं। इसके अलावा तीन लोगों की मोबाइल सीडीआर और बैंक खातों में लेन-देन का पता चला है। डीएसपी रामपुर शिवानी महला ने बताया कि चिट्टे के सप्लायर संजय भूरिया के अन्य बैंक खातों को जल्द फ्रीज किया जाएगा। इनकम टैक्स विभाग में भी पड़ताल की गई है। पता चला है कि आरोपी ने कभी कोई टैक्स नहीं भरा है। हरियाणा और पंजाब में भी संजय पर मामले दर्ज हैं। आरोपी अपने फोन नंबर और पते बदलता रहता है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





