विधायक विवेक शर्मा ने सात पंचायतों में किया जनसंवाद, बीपीएल पात्रता को लेकर ली जानकारी

9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

ऊना, कुटलैहड़: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत ऊना विकास खंड की सात पंचायतों में बुधवार को बीपीएल पात्रता को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक विवेक शर्मा ने टक्का, नारी, चलोला, धमांदरी, नंगल सलांगड़ी, डठवाड़ा और झम्बर पंचायतों में लोगों से सीधे संवाद कर बीपीएल पात्रता और सरकारी योजनाओं से जुड़े विषयों की जानकारी ली।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समझना है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन लोगों के बीच पहुंचकर यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि पात्र परिवार किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और इनके संबंध में पात्र लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं के तहत बीपीएल परिवारों की महिलाओं को 2 अक्तूबर से हर माह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, सस्ता राशन सहित अन्य सुविधाएं देने की बात कही गई है।

विधायक ने कृषि और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक तरीके से उगाई गई गेहूं के लिए 80 रुपये, मक्की के लिए 50 रुपये और कच्ची हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलोग्राम न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 71 रुपये और गाय के दूध का 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किए जाने की जानकारी दी।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत प्रदेश सरकार करीब 6 हजार निराश्रित बच्चों की शिक्षा, रहने-खाने, देखभाल, रोजगार और आवास जैसी जरूरतों में सहायता कर रही है।

कुटलैहड़ में विकास कार्यों का उल्लेख

विवेक शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए करीब 300 कनाल भूमि चिन्हित की गई है। बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 80 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही पेयजल और सड़क क्षेत्र में भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आलू के लिए भी न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करने की मांग सरकार के समक्ष उठाई जाएगी। साथ ही ऊना में आलू प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

20 सितंबर तक आवेदन का मौका

कार्यक्रम के दौरान बीडीओ रमनवीर चौहान ने लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और बीपीएल पात्रता से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीपीएल सूची में उन्हीं परिवारों को शामिल किया जाएगा, जो सरकार द्वारा निर्धारित नियमों और पात्रता मानकों को पूरा करते हों।

उन्होंने बताया कि बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 सितंबर 2026 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि नौवें और अंतिम चरण में भी निर्धारित पात्रता के आधार पर पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कुटलैहड़ अध्यक्ष विवेक मिंका, कांग्रेस कमेटी कुटलैहड़ महासचिव रमेश चंद बंगा, एसई विद्युत विभाग दर्शन सिंह, टक्का पंचायत प्रधान रेखा रानी, उपप्रधान कुलदीप चंद, नारी पंचायत प्रधान स्नेहलता, उपप्रधान हरीश कुमार, चलोला पंचायत प्रधान जनक राज, उपप्रधान रघुवीर सिंह, धमांदरी पंचायत प्रधान सुदेश कुमारी, उपप्रधान बलबीर सिंह, नंगल सलांगड़ी पंचायत प्रधान अरुण बाला, उपप्रधान मनोज कुमार, डठवाड़ा पंचायत प्रधान चनन सिंह, उपप्रधान गुरजीत सिंह, झम्बर पंचायत प्रधान राज कुमार, उपप्रधान राजन शर्मा सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share the news