
5/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर भूस्खलन होने से हाईवे करीब दो घंटे तक बंद रहा। सड़क पर मलबा और पत्थर आने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में मशीनों की मदद से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया।
मौसम विभाग ने बुधवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कें बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। ऐसे में नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।






