मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की थार पर गिरा पहाड़ से पत्थर, पंजाब के युवक की मौत

5/8/2026
चंबा
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश में मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। यात्रा के दौरान उनकी थार गाड़ी पर अचानक पहाड़ से भारी पत्थर गिर गया। पत्थर वाहन का सनरूफ तोड़ते हुए सीधे अंदर जा घुसा, जिससे पंजाब के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थार में सवार चार दोस्त मणिमहेश यात्रा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी मार्ग पर अचानक ऊपर से एक बड़ा पत्थर वाहन पर आ गिरा। हादसे में एक श्रद्धालु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य तीन युवक बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरना माना जा रहा है।

गौरतलब है कि मानसून के दौरान हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा संवेदनशील मार्गों पर सतर्क रहने की अपील की है।

Share the news