20 से ज्यादा भवनों को खतरा, 15 करवाए खाली, अब नए आशियाने की तलाश

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 अगस्त 2023

राजधानी में बारिश थमने के बावजूद भूस्खलन होने से कई भवनों पर खतरा मंडरा गया है। नगर निगम के अनुसार शहर में 20 से ज्यादा भवन ऐसे हैं जिनकी नींव भूस्खलन के चलते खाली हो गई है। नगर निगम ने अब तक 15 भवनों को खाली करवा दिया है। साथ ही पुलिस विभाग को भी पत्राचार कर इनमें लोगों को आगामी निर्देशों तक प्रवेश न देने को कहा है।

नगर निगम के अनुसार बालूगंज, कोमली बैंक, आईजीएमसी में भूस्खलन के कारण भवनों को खतरा हो गया है। हिमलैंड के पास भी बहुमंजिला भवन को खाली करवाया गया है। उधर रुल्दूभट्ठा और ईदगाह के पास भी भूस्खलन से मकानों को खतरा है। पार्षद सरोज ठाकुर के अनुसार कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं।

पूर्व डिप्टी मेयर राकेश शर्मा के अनुसार शिवमंदिर के पास भी भूस्खलन के कारण कुछ भवनों केा खतरा है। यहां तिरपाल लगा दिए हैं। हालांकि, इन्हें खाली नहीं करवाया है। शहरी विकास विभाग के दफ्तर पर भी खतरनाक पेड़ मंडरा रहे हैं। इनका निरीक्षण भी करवा दिया है। वहीं समरहिल के प्रभावित क्षेत्र में भी करीब आधा दर्जन भवनों में भी दरारें आई हैं।

पार्षद विरेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं होने के कारण सारा पानी निचले तरफ बसी बस्ती की तरफ आता है। वहीं शहरी विधायक हरीश जनारथा और उप महापौर उमा कौशल ने टुटीकंडी के बंगाली बगीचा जा दौरा किया। यहां भूस्खलन से एक मकान को नुकसान हुआ है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news