कुल्लू में जेई लाभ सिंह गुलेरिया की संदिग्ध मौत पर सियासत गरमाई, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसपी के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

29/7/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी

कुल्लू में शनिवार रात को जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है।

आज भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुल्लू एसपी कार्यालय पहुंचकर जिला की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और एसपी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा नेताओं ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से हर तरह का माफिया फल-फूल रहा है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। हत्याएं, नशाखोरी, वन माफिया, खनन माफिया और शराब माफिया बेखौफ होकर गैर-कानूनी कामों को अंजाम दे रहे हैं।

नेताओं ने कहा कि जेई लाभ सिंह गुलेरिया की दर्दनाक मौत इसका ताजा प्रमाण है। परिजनों और आम जनमानस का मानना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है।

भाजपा ने राज्यपाल से मांग की है कि सरकार इस हत्याकांड के दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे डाले और सख्त से सख्त सजा दिलाए। उन्होंने कहा कि मामले में गठित की गई SIT की जांच जल्द से जल्द अंजाम तक पहुंचनी चाहिए।

वहीं इस मामले पर कुल्लू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने आश्वासन दिया है कि पुलिस ने SIT गठित कर दी है और जल्द ही सारे तथ्य सामने लाए जाएंगे और दोषी सलाखों के पीछे होंगे।

Share the news