लक्कड़मंडी बैरियर पर पर्ची कटवाने के बाद खज्जियार में नहीं देना होगा शुल्क

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

11 जून 2023

चंबा के डलहौजी से होकर वाया लक्कड़मंडी खज्जियार पहुंचने वाले सैलानियों से दो बार पर्ची काटी जा रही थी। इसकी भनक लगते ही वन्य प्राणी विभाग ने ठेकेदार को लताड़ लगाते हुए एक बार पर्ची काटने के आदेश जारी किए। डलहौजी से जब सैलानी अपनी गाड़ी लेकर खज्जियार की ओर निकलते हैं तो लक्कड़मंडी बैरियर पर उनसे वाहनों के आधार पर पर्ची काटी जाती है।

इसमें खज्जियार में वाहन पार्किंग का शुल्क भी सम्मिलित होता है। कुछ दिन पहले ऐसा मामला सामने आया जिसमें वाहन चालकों से लक्कड़मंडी में तो पर्ची काटी ही जा रही थी लेकिन खज्जियार पहुंचने पर भी उनसे पर्ची काट कर वसूली की जा रही थी। यह सारी कारगुजारी बैरियर लेने वाले ठेकेदार की तरफ से की जा रही थी। इसको लेकर बाहर से गाड़ी लेकर आने वाले टैक्सी चालकों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दी। जैसे ही इस वीडियो की भनक वन्य प्राणी विभाग के पास पहुंची तो विभाग ने तुरंत संबंधित ठेकेदार को लताड़ लगाई और बैरियर पर ही पर्ची काटने के आदेश जारी किए। अब डलहौजी से खज्जियार आने वाले सैलानियों को एक बार ही बैरियर पर पर्ची कटवानी पड़ेगी। पार्किंग के नाम पर उनसे पैसों की वसूली नहीं होगी। विभाग की इस कार्रवाई को लेकर खज्जियारवासियों ने सराहना की है। वन्य प्राणी विभाग के मंडल अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि डलहौजी से खज्जियार आने वाले सैलानियों से एक बार ही लक्कड़मंडी में पर्ची काटी जा सकती है। इसको लेकर कुछ चालकों की दो बार पर्ची काटी गई। इसके लिए संबंधित ठेकेदार को जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news