आरक्षण खत्म, खाली सीट पर कोई भी ले सकेगा प्रवेश; होगी विशेष राउंड की काउंसलिंग

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

9 अगस्त 2023

Special Round Counselling to fill vacant polytechnic seats in  himachal

तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से बहुतकनीकी संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संस्थान स्तर पर करवाई जाने वाली विशेष स्पॉट काउंसलिंग में किसी प्रकार का आरक्षण रोस्टर नहीं चलेगा। खाली सीटों के लिए अब किसी भी वर्ग से कोई भी अभ्यर्थी अपनी दावेदारी कर सकेगा। तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से बहुतकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष और डी-फार्मेसी के लिए दो चरणों की काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद दो चरणों में सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग आयोजित की गई।

इसके बावजूद अभी भी कई बहुतकनीकी संस्थानों में सीटें खाली पड़ी हैं। खाली सीटों को भरने के लिए अब संस्थान स्तर पर विशेष स्पॉट काउंसलिंग होगी। खास बात यह है कि संस्थान स्तर पर होने वाली कांउसलिंग में किसी प्रकार का आरक्षण रोस्टर लागू नहीं रहेगा। किसी भी वर्ग की खाली  सीट के लिए कोई भी पात्र अभ्यर्थी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए प्रवेश ले सकेगा। यही व्यवस्था औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में रहेगी।

डी-फार्मेसी की संस्थान स्तर पर कांउसलिंग 11 को 
तकनीकी शिक्षा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण हिमाचल के निदेशक विवेक चंदेल ने बताया कि विभाग के तहत चल रहे डिप्लोमा फार्मेसी कोर्स में खाली बची सीटों में प्रवेश के लिए संस्थान स्तर पर स्पेशल राउंड स्पॉट काउंसलिंग 11 अगस्त को होगी। सभी पात्र उम्मीदवार जिस भी संस्थान में सीट खाली हो, वहां प्रवेश ले सकते हैं। सीट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को उसी समय सभी प्रकार की फीस और फंड्स जमा करवाने होंगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news