
झंडूता के बलोह में 101 वर्षीय जैंडा राम ने किया मतदान, लोकतंत्र के प्रति दिखाई अटूट आस्था
विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बलोह के खरोटा गांव के 101 वर्षीय जैंडा राम ने पंचायत चुनाव में मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। उम्र के इस पड़ाव पर भी उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और युवा मतदाताओं के लिए प्रेरणा बने। मतदान केंद्र पर मौजूद अधिकारियों और लोगों ने उनके उत्साह एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता की सराहना की। जैंडा राम को सम्मानपूर्वक मतदान केंद्र तक पहुंचाया गया, जहां उन्होंने अपने मत का प्रयोग किया। जैंडा राम ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से चुनाव प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने की अपील की। पंचायत बलोह, निहाण, रयाणा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लिया। बुजुर्ग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने लोकतंत्र के प्रति लोगों के विश्वास और जागरूकता को दर्शाया। पंचायत चुनाव के दौरान कई वरिष्ठ नागरिकों ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
मुख्यमंत्री की माता संसारदेई ने पिंक बूथ भवड़ां में किया मतदान
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की माता संसारदेई (88) ने ग्राम पंचायत अमलैहड़ के मतदान केंद्र भवड़ां में मतदान किया। इस मतदान केंद्र को पिंक बूथ बनाया गया था, जिसमें केवल महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ही पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी और सुरक्षा कर्मचारी के रूप में तैनात किया गया है।
मंगलौर पोलिंग बूथ में बैलेट पेपर में त्रुटियां, कुछ देर रुका रहा मतदान
विकास खंड बंजार के मंगलौर पंचायत में बीडीसी सदस्य के चुनाव चिह्न में उम्मीदवार का नाम गलत दर्ज करने को लेकर कुछ देर मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही। जानकारी है कि यहां बैलेट पेपर में बीडीसी सदस्यों के प्रत्याशियों के नाम एक-दूसरे के चुनाव चिह्न में दर्ज कर दिए थे। जब लोगों की नजर पड़ी तो मतदान प्रक्रिया रोक दी गई और बाद में जांच के बाद जिन दो बैलेट पेपर में प्रत्याशियों के नाम एक दूसरे के स्थान पर दर्ज किए गए थे उन्हें रद्द किया गया। मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू की गई। तहसीलदार बंजार नीरज शर्मा ने बताया कि बैलेट पेपर की जांच करने पर दो में प्रत्याशियों के नाम एक-दूसरे के निशान के पास दर्ज किए गए थे जिन्हें रद्द कर दिया है और बाकी बैलेट पेपर सही पाए गए। इस कारण चुनावी प्रकिया शुरू कर दी गई। नाम किसने गलत अंकित किए थे इसको लेकर छानबीन की जा रही है।
हिमाचल में 11 बजे तक 41 फीसदी से अधिक मतदान
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के लिए अंतिम चरण में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य के अलावा जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के लिए मतदान जारी है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सुबह 9:00 बजे तक 19.60 और 11:00 बजे तक 41.65 फीसदी मतदान हुआ।
जिला मतदान प्रतिशत
सिरमौर 49.55
ऊना 43.31
किन्नौर 43.89
शिमला 43.51
हमीरपुर 43.36
सोलन 42.60
लाहौल-स्पीति 43.15
कुल्लू 41.31
बिलासपुर 40.52
कांगड़ा 39.49
मंडी 39.37
चंबा 39.14
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुरहाग में डाला वोट
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिले में अपनी पंचायत मुरहाग में मतदान किया। वहीं किन्नौर जिले में अतिम चरण में 26 पंचायतों में मतदान हो रहा है। मतदान को लेकर युवाओं से लेकर बुजर्गो में काफी उत्साह है। सुबह 9 बजे तक किन्नौर के तीन विकास खंडों में 20.90 प्रतिशत मतदान हुआ है।
टांग में फ्रैक्चर के बाद भी 80 वर्षीय बुजुर्ग ने बूथ पर किया मतदान
हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत चंगर में टांग में फ्रैक्चर होने के बावजूद 80 वर्षीय प्रेमी देवी मतदान करने के लिए बूथ पर पहुंची। वहीं टिक्करी वार्ड नंबर तीन में 103 साल के बुजुर्ग ने मतदान किया।





