कसोल गोलीकांड के बाद पार्वती घाटी में बढ़ी चिंता, जनता ने उठाई सुरक्षा, सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग

खबर अभी अभी
कुल्लू ,
जिला कुल्लू की पार्वती घाटी में हाल ही में कसोल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। घाटी की जनता ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान करने और सड़कों की हालत सुधारने की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 30 मई को कसोल में बाहरी राज्य से आए पर्यटकों द्वारा की गई गोलीबारी की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा घाटी में प्रवेश करने वाले बाहरी वाहनों की जांच के लिए स्थायी चेक पोस्ट स्थापित किए जाएं।
जनता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क की खराब स्थिति और लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम के कारण एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना वाले दिन एंबुलेंस कई घंटों तक जाम में फंसी रही, जिससे आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ा।
पार्वती घाटी के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में 24 घंटे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जबकि यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती नहीं की गई है। पर्यटन सीजन के दौरान यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
इसके अलावा घाटी की सड़कों की दयनीय हालत को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई है। कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत और टायरिंग कार्य शुरू करने की मांग की है।
स्थानीय जनता ने प्रशासन से सुरक्षा, यातायात और सड़क संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
वॉइस ओवर
कसोल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद पार्वती घाटी के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। स्थानीय जनता का कहना है कि लगातार ट्रैफिक जाम और खराब सड़कों के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
लोगों ने घाटी में स्थायी चेक पोस्ट, अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और सड़कों की जल्द मरम्मत की मांग प्रशासन से की है।

Share the news