
खबर अभी अभी
धर्मशाला:
सितंबर में प्रस्तावित भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला ‘ए’ टीमों के बीच क्रिकेट सीरीज का आयोजन धर्मशाला की बजाय किसी अन्य मैदान पर हो सकता है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने संभावित भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से सीरीज का वेन्यू बदलने का अनुरोध किया है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय अभी बीसीसीआई को लेना है।
एचपीसीए के अनुसार सितंबर और अक्तूबर के दौरान धर्मशाला क्षेत्र में लगातार और भारी बारिश की संभावना बनी रहती है। ऐसे मौसम में वनडे और चार दिवसीय मुकाबलों का कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है, जिससे पूरी सीरीज के आयोजन पर असर पड़ने की आशंका है। इसी वजह से एसोसिएशन ने सुझाव दिया है कि मुकाबलों को ऐसे स्थान पर कराया जाए, जहां मौसम के कारण व्यवधान की संभावना कम हो।
धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम के लिए जाना जाता है, जो हल्की या रुक-रुक कर होने वाली बारिश के बाद मैदान को जल्द खेलने योग्य बना देता है। लेकिन लगातार पूरे दिन बारिश होने की स्थिति में अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी मैचों को बचाने में सक्षम नहीं होता।
एचपीसीए ने बीसीसीआई को यह भी बताया है कि अगस्त और सितंबर के दौरान क्षेत्र में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। एसोसिएशन का मानना है कि समय रहते फैसला लेने से पूरी सीरीज का सफल और निर्बाध आयोजन सुनिश्चित किया जा सकता है।
एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने पुष्टि की है कि वेन्यू बदलने का अनुरोध बीसीसीआई को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब इस मामले में अंतिम फैसला बीसीसीआई ही करेगा। बोर्ड के निर्णय के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया महिला ‘ए’ सीरीज धर्मशाला में होगी या किसी अन्य मैदान पर आयोजित की जाएगी।





