जन्म-मृत्यु पंजीकरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें : एडीएम

02 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में बुधवार को सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम के तहत जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जन्म-मृत्यु की घटनाओं का समय पर पंजीकरण, प्रमाण-पत्रों की इलेक्ट्रॉनिक डिलीवरी, पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।

एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने तथा प्रत्येक घटना का निर्धारित समयावधि में पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीकरण होने से आम लोगों को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने पंचायत स्तर पर पंजीकरण कार्य से जुड़े पंचायत सचिवों एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम की प्रक्रिया, नियमों और नए प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध करवाने से पंजीकरण कार्य अधिक व्यवस्थित और प्रभावी होगा।

बैठक में सरकारी एवं निजी अस्पतालों द्वारा जन्म-मृत्यु की घटनाओं की समय पर सूचना देने, मृत्यु के चिकित्सकीय प्रमाणीकरण, निजी अस्पतालों की पंजीकरण इकाईवार सूची तैयार करने तथा पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा फर्जी पंजीकरण और यूजर क्रेडेंशियल के दुरुपयोग को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी दया राम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राधा शर्मा, डॉ. सुरेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर अभी अभी | कुल्लू

Share the news