साझ’ समन्वय बैठक में नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों पर जोर

9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू: नशे की बढ़ती समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से ‘साझ’ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर अपने विचार साझा किए।

बैठक में नशे के बढ़ते प्रभाव, विशेष रूप से युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभाव तथा नशीले पदार्थों की बिक्री और आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान युवाओं को खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और अन्य सकारात्मक कार्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि उन्हें नशे से दूर रखते हुए बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित किया जा सके।

बैठक में डॉ. सत्यव्रत वेद ने नशे की लत के उपचार और पुनर्वास को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत को केवल अपराध के नजरिए से देखने के बजाय इसे एक बीमारी के रूप में समझने की आवश्यकता है। उन्होंने नशे की गिरफ्त में आए लोगों के प्रति उपचार, सहयोग और संवेदनशीलता का दृष्टिकोण अपनाने पर भी जोर दिया।

बैठक में नशे की मांग को कम करने और इसके दुष्प्रभावों को सीमित करने के लिए Demand Reduction और Harm Reduction उपायों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। साथ ही नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए पुलिस के साथ आम जनता की सक्रिय भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

प्रतिभागियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सभी पक्षों ने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से नशे की समस्या से निपटने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुल्लू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू, एसडीएम मनाली, डॉ. सत्यव्रत वेद सहित विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं और संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

बैठक में यह संदेश प्रमुखता से सामने आया कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही युवा पीढ़ी को सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

Share the news