
10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | डुमैहर, अर्की

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर (अर्की) के कक्षा नौवीं के छात्र पारस ठाकुर का चयन 51वीं सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। पारस ठाकुर पुत्र अमित ठाकुर गांव देवरा के निवासी हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
51वीं सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश में बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से किया जाएगा।
पांवटा साहिब में लगेगा प्रशिक्षण शिविर
नेशनल चैंपियनशिप से पहले हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर 13 सितंबर 2026 से पांवटा साहिब, सिरमौर में आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल संघ की ओर से लगाया जा रहा है। पारस ठाकुर भी इस प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे और इसके बाद नेशनल चैंपियनशिप में हिमाचल की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्टेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन
विद्यालय के डीपीई राज कुमार पाल ने बताया कि मंडी में आयोजित स्टेट चैंपियनशिप के दौरान पारस ठाकुर ने अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है।
पारस ठाकुर के नेशनल के लिए चयन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, पीईटी नागेश शर्मा, विद्यालय के स्टाफ और विद्यालय प्रबंधन समिति ने उन्हें तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने पारस ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।





