डुमैहर स्कूल ने जिला स्तरीय U-14 बास्केटबॉल में जीता स्वर्ण, छह खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

12 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | अर्की, सोलन

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर (अ) के छात्रों ने जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता के अंडर-14 बास्केटबॉल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे अर्की क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में 10 से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में डुमैहर (अ) की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में डुमैहर की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुबाथू को 34-04 के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।

विद्यालय के डीपीई राज कुमार पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 9 छात्र खिलाड़ियों ने बास्केटबॉल स्पर्धा में हिस्सा लिया। इनमें से छह खिलाड़ियों का चयन अब राज्य स्तरीय स्कूली बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में प्रिंस ठाकुर, पारस ठाकुर, यतीश कुमार, जिगर पाल, समीर कुमार और हरीश कुमार शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सोलन का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता न केवल डुमैहर (अ) विद्यालय के लिए बल्कि समस्त अर्की क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, समस्त विद्यालय स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान हेमराज एवं सभी सदस्यों तथा ग्रामवासियों ने डीपीई राज कुमार पाल, पीईटी नागेश शर्मा और सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर जिला सोलन और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

Share the news