छह सदस्यीय हिमाचली प्रतिनिधिमंडल ने जापान ओलंपिक संग्रहालय का दौरा किया

29 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों के संदर्भ में जापान की अध्ययन एवं अनुभव यात्रा के दौरान टोक्यो स्थित जापान ओलंपिक संग्रहालय का दौरा किया।

प्रतिनिधिमंडल में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक कमलेश ठाकुर व विवेक शर्मा, सचिव प्रियंका बासू इंग्टी तथा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने जापान ओलंपिक संग्रहालय में ओलंपिक खेलों के इतिहास, विकास, जापान की खेल व्यवस्था, खिलाड़ियों के विकास और खेल संस्कृति से जुड़ी जानकारी हासिल की। मल्टीमीडिया व इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिए युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के तरीकों का भी अध्ययन किया गया।

यादविन्द्र गोमा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य खेल प्रशासन, खिलाड़ियों के विकास, खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय कार्यप्रणालियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना है।

उन्होंने कहा कि यात्रा से प्राप्त अनुभव हिमाचल प्रदेश में खेलों के विकास, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर व सुविधाएं उपलब्ध करवाने में उपयोगी होंगे।

Share the news