बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बड़ागांव क्लस्टर का किया निरीक्षण

29 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

बागवानी, राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने द्रंग विकास खंड के बड़ागांव क्लस्टर का निरीक्षण कर एचपी शिवा परियोजना के तहत चल रहे बागवानी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बड़ागांव में 62 किसान-बागवानों की करीब 12 हेक्टेयर भूमि पर 12,753 उन्नत अमरूद के पौधे लगाए गए हैं। परियोजना पर करीब 1 करोड़ 29 लाख 31 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। यहां ललित, श्वेता, हिसार सफेदा और जारवी रेड जैसी किस्में लगाई गई हैं।

पांच दिन में पूरा करें ड्रिप सिंचाई का काम

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भूमि विकास, सौर बाड़बंदी और ड्रिप सिंचाई की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ड्रिप सिंचाई से जुड़े शेष कार्यों को पांच दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि द्रंग विकास खंड में एचपी शिवा परियोजना के तहत 8 क्लस्टरों की 99.77 हेक्टेयर भूमि शामिल है। उन्होंने किसानों से पौधों की नियमित देखभाल और उचित पोषण पर ध्यान देने का आह्वान किया।

उन्होंने अधिकारियों को किसानों के लिए बाग प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें वैज्ञानिक खेती, कटाई-छंटाई, कीट प्रबंधन और उन्नत अमरूद उत्पादन की तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर मंत्री ने टैंक निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले रेवत राम, जयराम और रतन चंद को सम्मानित किया। उन्होंने मुलथान तहसील के कोठी कोहड़ और मलाह में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा मुलथान तहसील कार्यालय, पीएचसी कोठी कोहड़, सीएचसी बरोट और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट का निरीक्षण किया।

Share the news