
6 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नाहन

भाजपा प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने 20वें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की घोषणा का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी और शिलाई की बेटी ऋतु नेगी को इस घोषणा में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं।
बलदेव तोमर ने कहा कि ऋतु नेगी ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल का नाम रोशन किया है। ऐसे में अन्य हिमाचली स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए एक-एक करोड़ रुपये की घोषणा करते समय ऋतु नेगी को अलग रखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि ऋतु नेगी का विवाह हरियाणा में होने से उनकी हिमाचली पहचान और प्रदेश के लिए उनका योगदान समाप्त नहीं हो जाता। देश के लिए पदक जीतने और हिमाचल का नाम रोशन करने वाली ऋतु नेगी को भी प्रदेश की बेटी के रूप में उचित सम्मान मिलना चाहिए।
सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग
तोमर ने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान में किसी भी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ऋतु नेगी को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि और सम्मान समारोह में शामिल करने के मामले में अलग क्यों रखा गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऋतु नेगी के मामले में स्थिति स्पष्ट की जाए और उन्हें भी उचित सम्मान एवं पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की जाए।
बलदेव तोमर ने कहा कि खिलाड़ियों का सम्मान केवल पुरस्कार राशि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संघर्ष, उपलब्धियों और प्रदेश के लिए दिए गए योगदान को भी समान रूप से मान्यता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋतु नेगी की उपलब्धियों को किसी भी राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए।





