
11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
शिमला।

हिमाचल प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत प्रदेश ने देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में अपनी जगह बनाई है। इस उपलब्धि में नगर परिषद ठियोग ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल को स्वच्छ, हरित और सतत विकास का आदर्श बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खास बात यह है कि पहली बार प्रदेश को राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया।
सामूहिक प्रयासों का परिणाम है उपलब्धि : विक्रमादित्य सिंह
शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहरी स्थानीय निकायों के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। सरकार की केंद्रित पहलों, समन्वित प्रयासों और नियमित निगरानी के परिणामस्वरूप नगर परिषद ठियोग यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रही है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान शहरी विकास विभाग, शहरी विकास निदेशालय, नगर निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
स्वच्छता और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि शहरी स्वच्छता अधोसंरचना को मजबूत करने, अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली में सुधार, जनभागीदारी सुनिश्चित करने और स्वच्छता की टिकाऊ परंपराओं को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी शहरी स्थानीय निकायों को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी के उच्च मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में हिमाचल और बेहतर प्रदर्शन कर सके।
2016 में शुरू हुआ था स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान
स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वर्ष 2016 में शुरू किया गया वार्षिक स्वच्छता मूल्यांकन एवं रैंकिंग अभियान है। इसका उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा देशभर में स्वच्छता, साफ-सफाई और सतत अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।
अब तक आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण के नौ संस्करणों में हिमाचल प्रदेश ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त किए हैं। प्रदेश ने शहरी स्वच्छता, साफ-सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए हैं।
इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के निदेशक नीरज कुमार भी उपस्थित रहे।





