
5/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस दुर्घटना में 40 लोगों की मौत होने की फर्जी खबर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निगम के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के कुछ फेसबुक अकाउंट्स और अन्य प्लेटफॉर्म पर HRTC बस हादसे में 40 लोगों की मौत होने का दावा किया गया था। जांच में यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन पाई गई। इसके बाद निगम की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई।
साइबर पुलिस अब फर्जी खबर प्रसारित करने वाले फेसबुक अकाउंट्स और अन्य सोशल मीडिया प्रोफाइल की पहचान में जुट गई है। डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित प्लेटफॉर्म से भी आवश्यक जानकारी मांगी जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने या लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समाचार या संदेश को बिना पुष्टि के साझा न करें। किसी भी घटना से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से ही प्राप्त करें, ताकि अफवाहों और भ्रामक खबरों से बचा जा सके।






