Shimla: राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 125 खिलाड़ियों को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया सम्मानित

खबर अभी अभी
शिमला:
हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों का सम्मान करते हुए शनिवार को शिमला के पोर्टमोर स्कूल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 69वें स्कूल नेशनल गेम्स और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 125 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 111 खिलाड़ियों तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले 14 खिलाड़ियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा निदेशक एवं हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष कोहली ने की।

इस अवसर पर कबड्डी, हैंडबॉल, कुश्ती, कुराश सहित विभिन्न व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में खिलाड़ियों के प्रशिक्षक, अभिभावक तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने और खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं और उन्हें अपने खेल कौशल को निखारने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

Share the news