एम्स बिलासपुर का प्रथम दीक्षांत समारोह: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की शिरकत, सीएम सुक्खू और जेपी नड्डा ने किया स्वागत

6 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | बिलासपुर

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) बिलासपुर का प्रथम दीक्षांत समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। राष्ट्रपति के बिलासपुर पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हेलिपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका देवभूमि हिमाचल में आत्मीय स्वागत किया।

राज्यपाल से मुख्यमंत्री की शिष्टाचार भेंट

राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश के विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

भावी डॉक्टरों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

दीक्षांत समारोह में मेडिकल की उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भावी डॉक्टरों का आह्वान किया कि वे चिकित्सा सेवा को केवल पेशा न मानकर मानवता की सेवा का माध्यम बनाएं।

राष्ट्रपति ने चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के महत्व पर जोर दिया तथा उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

डिग्री धारकों के साथ सामूहिक चित्र

समारोह के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल कवींद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सामूहिक चित्र खिंचवाया।

मुख्यमंत्री सुक्खू और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एम्स बिलासपुर को हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संस्थान बताते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया।

Share the news