कंसा डंपिंग साइट हटाने की मांग को लेकर पांचवें दिन भी आंदोलन जारी, ग्रामीणों ने DC कार्यालय का किया घेराव

9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

नेरचौक: कंसा डंपिंग साइट को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल आंदोलन बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर मंडी स्थित उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

आंदोलनकारियों का कहना है कि कंसा डंपिंग साइट के कारण क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से दुर्गंध, गंदगी और पर्यावरण संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि डंपिंग साइट को हटाने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग कई बार प्रशासन के समक्ष उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने कहा कि डंपिंग साइट से आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन की ओर से कंसा डंपिंग साइट को हटाने को लेकर कोई ठोस निर्णय और कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक क्रमिक भूख हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा।

पांचवें दिन आंदोलनकारियों के मंडी पहुंचकर उपायुक्त कार्यालय के घेराव के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उनकी मांग पर जल्द निर्णय लेने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

Share the news