
खबर अभी अभी
कुल्लू ,
कसोल स्थित होटल ग्रीन वैली में दिनांक 30.05.2026 को हुई फायरिंग की घटना में जिला पुलिस कुल्लू को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है । घटना के तुरंत बाद पुलिस थाना मनीकर्ण द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया था, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया था ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तथा उच्च पुलिस अधिकारियों के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमों का गठन किया गया । पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए लगातार दबिश दी गई ।
पुलिस के सतत एवं समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप फरार आरोपी तमनप्रीत सिंह (22 वर्ष) पुत्र भूपेन्द्र सिंह निवासी गाँव व डाकघर बग्गा, तहसील बाबा बकाला, जिला अमृतसर (पंजाब) को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है । प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से इटली में रह रहा था तथा कुछ दिन पूर्व ही भारत आया था । घटना के उपरांत वह पुनः इटली लौटने की तैयारी में था । आरोपी को पुलिस टीम द्वारा दिनांक 31.05.2026 को गाँव व डाकघर बग्गा, अमृतसर (पंजाब) से हिरासत में लेकर कुल्लू लाया गया । तत्पश्चात मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को आज दिनांक 01.06.2026 को पुलिस थाना मनीकर्ण में विधिवत गिरफ्तार किया गया । आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत रिमान्ड हासिल किया जाएगा ।
उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस कुल्लू ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है, जो पुलिस की त्वरित, प्रभावी एवं पेशेवर कार्यप्रणाली को दर्शाता है ।
मामले में नियमानुसार आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है । जिला पुलिस कुल्लू कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है ।





