कांगड़ा में लंपी वायरस के 350 मामले, 70 एक्टिव; रोजाना 15 से 20 नए केस

10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | धर्मशाला,

धर्मशाला। जिला में पशुओं में लंपी वायरस संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पशुपालन विभाग के अनुसार जिले में अब तक करीब 350 पशु लंपी वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 211 पशु स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि करीब 70 एक्टिव मामलों का उपचार जारी है। विभाग के मुताबिक जिले में प्रतिदिन औसतन 15 से 20 नए मामले सामने आ रहे हैं।

पशुपालन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. सीमा गुलेरिया ने बताया कि इस बार प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ कांगड़ा में भी लंपी वायरस के मामले रिपोर्ट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमित वैक्सीनेशन के कारण संक्रमित पशुओं में बीमारी के लक्षण अपेक्षाकृत हल्के देखे जा रहे हैं और कई पशु एक-दो दिन में ही रिकवर भी हो रहे हैं।

55 हजार पशुओं का वैक्सीनेशन जारी

डॉ. सीमा गुलेरिया ने बताया कि जिले में करीब 55 हजार पशुओं के वैक्सीनेशन का कार्य जारी है। विभाग ने इस अभियान को 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पशुओं की अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाएं और उन्हें खुले में न छोड़ें। इसके अलावा कुछ समय के लिए पशुओं की खरीद-फरोख्त से बचने की भी सलाह दी गई है।

ज्वाली और नूरपुर के बॉर्डर क्षेत्रों में अधिक मामले

पशुपालन विभाग के अनुसार जिले के ज्वाली और नूरपुर के बॉर्डर क्षेत्रों से अपेक्षाकृत अधिक मामले सामने आए हैं। हालांकि धर्मशाला और कांगड़ा सबडिवीजन सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी लंपी वायरस संक्रमण के मामले रिपोर्ट हुए हैं।

विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और संक्रमण की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन अभियान को तेज किया गया है। विभाग की टीमें संक्रमित पशुओं की निगरानी और उपचार पर भी नजर बनाए हुए हैं।

पशुपालकों से सावधानी बरतने की अपील

विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि पशुओं में संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत संबंधित पशु चिकित्सक या विभाग को इसकी जानकारी दें। संक्रमित पशुओं को अन्य पशुओं से अलग रखने और उनकी अनावश्यक आवाजाही रोकने से संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

लंपी वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से सतर्क रहने और वैक्सीनेशन अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

Share the news