
खबर अभी अभी
वाराणसी:
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, बल्कि पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद श्रद्धालुओं की ओर उछल गईं, जिससे तीन लोग घायल हो गए।
घटना शनिवार सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। फायरिंग के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति पर काबू पा लिया।
तीन लोग घायल
घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की हालत सामान्य बताई है। किसी भी घायल को गंभीर चोट नहीं आई है।
कार्बाइन से गलती से चली गोली
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से गलती से फायर हो गया। गोली पत्थर से टकराई, जिसके बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद लोगों को लगीं। घटना के कारण मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मंदिर परिसर के साथ आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा और कड़ी कर दी। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और संबंधित पीएसी जवान से पूछताछ की जा रही है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला कार्बाइन से आकस्मिक फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी





