ग्राम पंचायत मनसार में कानूनी जागरूकता शिविर, लोगों को मौलिक अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी

खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | सोलन

सोलन। ग्राम पंचायत मनसार में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोलन के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रशांत सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पंचायत की ओर से उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

प्रशांत सिंह नेगी ने शिविर में उपस्थित लोगों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने संविधान, मौलिक अधिकारों तथा संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि देश में एक ही नागरिकता का प्रावधान है और प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की जानकारी होना जरूरी है।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग से पहुंची कृतिका ने लोगों को एचआईवी के कारणों, संक्रमण के तरीकों और इससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से एचआईवी को लेकर जागरूक रहने तथा इससे संबंधित भ्रांतियों से बचने का आग्रह किया।

वहीं, जिला कल्याण अधिकारी ने विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को विस्तार से दी। उन्होंने पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बीडीसी सदस्य सलोगड़ा मनीष कुमार, पंचायत प्रधान जय प्रकाश सहित पंचायत के अन्य पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।

Share the news