
5 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

राजीव भवन शिमला में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में देश और प्रदेश के राजनीतिक मुद्दों, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर चर्चा की गई। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा जिला कार्यकारिणी में युवा और सक्रिय चेहरों को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में केंद्रीय चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर चिंता जताते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं से पात्र मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और इसमें किसी भी कथित गड़बड़ी के खिलाफ पार्टी अपनी आवाज उठाती रहेगी।
जिला कांग्रेस ने कथित ‘वोट चोरी’ और चुनाव आयोग के फैसलों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का फैसला लिया। बैठक में जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया जारी रखने पर भी सहमति बनी।
बूथ और वार्ड कमेटियों को किया जाएगा मजबूत
आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ और वार्ड कमेटियों के पुनर्गठन पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद करने और स्थानीय समस्याओं को संगठन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनाव में पार्टी को मजबूती दे सकता है।
जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के विस्तार में युवाओं और नए सदस्यों को शामिल करने का भी निर्णय लिया गया। हाईकमान के दिशा-निर्देशों के तहत सक्रिय और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
बैठक में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया गया। नेताओं ने कहा कि संगठनात्मक निर्देशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और संगठनात्मक निर्णयों के अनुरूप एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया गया।
बैठक में संगठन महासचिव दीपक सुंद्रियाल, उपाध्यक्ष जगदीश, रवि राणा, वीनेश ठाकुर, कुश पाल सिंह, सत्या वर्मा, जय प्रकाश, मंगल, नरेश गांधी, उमा वर्मा, विशाल ठाकुर, धीरेन्द्र गुप्ता, आषुतोष गोमा, महासचिव मुकेश भाटिया, दीक्षित जोगटा, सुमित गौतम, अमृतपाल सिंह, विक्की शुभ, रोहित कश्यप, सचिव गुरविंदर सिंह, धीरज कश्यप, संदीप ठाकुर, संतोष शर्मा, कपिल धारीवाल, सचिन पटियाल, अल्बर्ट मैसी, रमेश, हिमांशु कुमार, पवन तनेजा, नरेंद्र ठाकुर, गौरव घरू, धीरज परमार, प्रियंका, अमनदीप सिंह, महिन्द्रजीत बबलू, पंकज, रंजीत कर्नल और अंकुश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





