जुग्गर स्कूल में अंडर-14 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, अनिरुद्ध सिंह ने विजेता टीमों को किया सम्मानित

9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुग्गर में छात्राओं की चार दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

अनिरुद्ध सिंह ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हारने वाले खिलाड़ियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि खेल में भाग लेना और पूरे मन से प्रयास करना अधिक महत्वपूर्ण है। शिक्षा के साथ खेलों को भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का अभिन्न हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाकर बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकें।

कसुम्पटी क्षेत्र में विकास कार्यों का उल्लेख

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विकास में प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना और आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने बताया कि फागू से धरेच संपर्क सड़क की अपग्रेडेशन पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और इसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि चियोग, धरेच, सतोग और सतलाई पंचायतों की छह-सात सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत शामिल किया गया है।

उन्होंने जुग्गर से कटैया मझार संपर्क सड़क के शीघ्र निर्माण का भी आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस सड़क का वन अधिकार अधिनियम (FRA) से संबंधित कार्य पूरा हो चुका है और बजट नाबार्ड के तहत स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

जुग्गर स्कूल में छह अतिरिक्त कमरे और सतोग में सामुदायिक भवन की घोषणा

अनिरुद्ध सिंह ने जुग्गर स्कूल में छह अतिरिक्त कमरों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सतोग पंचायत में पंचायत सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने स्कूल प्रबंधन और स्थानीय पंचायत प्रधान की ओर से रखी गई विभिन्न मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।

14 स्कूलों के 225 से अधिक छात्राओं ने लिया हिस्सा

ठियोग खंड खेलकूद प्रतियोगिता की प्रभारी कौशल्या देवी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि अंडर-14 छात्राओं की इस खंड स्तरीय प्रतियोगिता में 14 स्कूलों के 225 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, चेस, योग और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित करीब 40 छात्राओं की टीम 25 से 27 सितंबर तक रामपुर में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।

इन टीमों ने जीते प्रमुख खिताब

वॉलीबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठियोग विजेता और मॉडर्न पब्लिक स्कूल चियोग उपविजेता रहा। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चियोग विजेता और मॉडर्न पब्लिक स्कूल चियोग उपविजेता रहा।

खो-खो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुग्गर विजेता और ठियोग स्कूल उपविजेता रहा। बैडमिंटन में कयारटु स्कूल विजेता और सरोग स्कूल उपविजेता रहा। योग में एचपीएस ठियोग विजेता और चियोग स्कूल उपविजेता रहा। चेस में मॉडर्न पब्लिक स्कूल चियोग विजेता और कयारटु स्कूल उपविजेता रहा। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय उच्च पाठशाला सेहमल विजेता और ठियोग स्कूल उपविजेता रहा।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में सुगम संगीत सोलो सॉन्ग में ठियोग स्कूल, क्लासिक सोलो सॉन्ग में मॉडर्न पब्लिक स्कूल चियोग, समूहगान में ठियोग स्कूल, वन एक्ट प्ले में मॉडर्न पब्लिक स्कूल चियोग और डांस में ठियोग स्कूल विजेता रहा। मार्च पास्ट और ऑल ओवर खेल प्रतियोगिता का बेस्ट खिताब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुग्गर ने हासिल किया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर डीएफओ ठियोग मुनीश रामपाल, बीडीओ मशोबरा अंकित, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक ठाकुर, सतोग पंचायत प्रधान नीरज ठाकुर, उपप्रधान लक्ष्मी सिंह ठाकुर, सतलाई पंचायत प्रधान जय सिंह ठाकुर, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश कंवर, पूर्व प्रधान चियोग पंचायत दिनेश जाकटा, पूर्व प्रधान कोटी पंचायत बलदेव पूरी, जुग्गर स्कूल की प्रधानाचार्य मंजुला सकलानी, खेल प्रभारी कौशल्या देवी, सहायक खेल प्रभारी ईश्वर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल एवं युवक मंडल के प्रतिनिधि, खेल प्रभारी, अभिभावक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share the news