
9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

बंजार: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बंजार इकाई को वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी मिल गई है। 8 सितंबर 2026 को आयोजित बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें देवराज को इकाई अध्यक्ष और गीतांजलि को इकाई मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में कुल्लू विभाग संगठन मंत्री सचिन सपटा विशेष रूप से मौजूद रहे, जबकि कुल्लू विभाग संयोजक अभिनव कश्यप ने चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सचिन सपटा ने विद्यार्थियों के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कार्यपद्धति और संगठन की भूमिका को लेकर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्र हितों की आवाज उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के साथ जोड़ने का भी लगातार प्रयास करती है।
इसके बाद चुनाव अधिकारी अभिनव कश्यप ने वर्ष 2026-27 के लिए देवराज को इकाई अध्यक्ष और गीतांजलि को इकाई मंत्री घोषित किया। पदाधिकारियों की घोषणा के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष देवराज ने नई कार्यकारिणी का विस्तार किया।
नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
उपाध्यक्ष: मुधु, चेतन, पूजा शर्मा, अमित शर्मा और जिया
सह मंत्री: धना, शालिनी, दीक्षा और पूजा मेहता
सोशल मीडिया एवं मीडिया संयोजक: संजना
SFD प्रमुख: गौरव
RKM प्रमुख: सोमलता
मीडिया प्रमुख: साहिल
खेलो भारत प्रमुख: बेकराम
अध्ययन मंडल प्रमुख: राकेश
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही आगामी कार्यकाल में टीम के साथ मिलकर संगठन और छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष देवराज ने जिम्मेदारी मिलने पर संगठन का आभार जताते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 के दौरान पूरी टीम निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ समाज और संगठन के हितों को सर्वोपरि रखा जाएगा।
वहीं, इकाई मंत्री गीतांजलि ने कहा कि अध्यक्ष और पूरी टीम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन की गतिविधियों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों और समाज के लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बंजार में नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ABVP की आगामी गतिविधियों और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर नई टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है।





