
11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
रामपुर (शिमला)।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा गांवों से शुरू होनी चाहिए। समृद्ध गांव, सशक्त किसान और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत के निर्माण के प्रमुख आधार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के नए युग में प्रवेश कर रहा है तथा वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता बुधवार को रामपुर में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है।
गांवों की समृद्धि से साकार होगा विकसित भारत का सपना
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल दिल्ली से नहीं होगा, बल्कि इसकी मजबूत नींव गांवों में रखी जाएगी। किसानों की समृद्धि, कारीगरों का कौशल और युवाओं का संकल्प ही इस लक्ष्य को साकार करेंगे। जब गांव समृद्ध होंगे और लोग आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी विकसित भारत का सपना वास्तविकता में बदलेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और स्वरोजगार से जुड़ी अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं कारीगरों, छोटे उद्यमियों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने और नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करने वाले बनने का आह्वान किया।
हर व्यक्ति खरीदे कम से कम एक स्थानीय उत्पाद : राज्यपाल
प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान पर जोर देते हुए राज्यपाल ने मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक स्थानीय उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद खरीदना केवल व्यापारिक गतिविधि नहीं, बल्कि कारीगरों की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवार की खुशहाली में योगदान देने का माध्यम है।
400 वर्ष पुरानी विरासत का प्रतीक है अंतरराष्ट्रीय लवी मेला
राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को हिमाचल प्रदेश की करीब 400 वर्ष पुरानी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सदियों पुरानी परंपराओं, पारंपरिक व्यापारिक संबंधों, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द का उत्सव है।
उन्होंने किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक अपनाने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, भाषा और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर भी दिया संदेश
राज्यपाल ने नागरिकों और पर्यटकों से हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील प्राकृतिक पर्यावरण को संरक्षित रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक का उपयोग न्यूनतम करने की अपील की।
इस अवसर पर उन्होंने रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने ऐतिहासिक मेले की परंपरा को संरक्षित रखने के लिए आयोजन समिति, जिला प्रशासन और संबंधित सभी पक्षों के प्रयासों की सराहना की।
स्थानीय कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों को दिया गया मंच
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को मेले के इतिहास से परिचित करवाने के लिए पहली बार स्कूली बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है।
उन्होंने कहा कि आयोजन समिति ने स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, बागवानों और लघु उद्योगों को मंच उपलब्ध करवाने के प्रयास किए हैं, ताकि उन्हें नए बाजार मिल सकें। सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है और प्रदेश के सभी जिलों की सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।
नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष कर्ण शर्मा ने भी राज्यपाल का स्वागत करते हुए लवी मेले को क्षेत्र की विरासत और पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया। वहीं, रामपुर के उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ कर स्थानीय उत्पादों का लिया जायजा
कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल ने मेले में आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने किन्नौरी एवं अन्य स्थानीय उत्पादों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर ने खाद्य स्टॉलों पर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी चखा और हिमाचली खाद्य उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





