
6 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नाहन

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से जिला सिरमौर में पंजीकृत कामगारों और उनके परिवारों को 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि पात्र कामगारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी तरीके से कार्य किया जा रहा है।
2 अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर रामपुर के नोगली में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश के 1471 पंजीकृत कामगारों को विभिन्न योजनाओं के तहत 5 करोड़ 78 लाख 81 हजार 725 रुपये की राशि वितरित की। इनमें जिला सिरमौर के 131 लाभार्थियों को कुल 45 लाख 15 हजार 100 रुपये की सहायता शामिल है।
इनमें शिक्षण छात्रवृत्ति सहायता योजना के तहत 118 लाभार्थियों को 38 लाख 24 हजार 100 रुपये, विवाह सहायता योजना के तहत 3 लाभार्थियों को 1 लाख 53 हजार रुपये, मुख्यमंत्री विधवा/दिव्यांग/निराश्रित महिला आवास योजना के तहत 2 लाभार्थियों को 2 लाख रुपये, मुख्यमंत्री/प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाभार्थियों को 2 लाख 3 हजार रुपये तथा मातृत्व/पितृत्व सहायता योजना के तहत 5 लाभार्थियों को 1 लाख 35 हजार रुपये प्रदान किए गए।
18 से 60 वर्ष के कामगार करा सकते हैं पंजीकरण
नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि 18 से 60 वर्ष की आयु के ऐसे कामगार, जिन्होंने पिछले वर्ष में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया है, श्रम कार्यालय में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कामगार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पात्र कामगारों की ई-केवाईसी और वेरिफिकेशन का कार्य भी जारी है। जिन कामगारों की ई-केवाईसी नहीं हुई है, वे आधार कार्ड, बोर्ड पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर श्रम कार्यालय में निःशुल्क ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
उन्होंने पात्र कामगारों से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करवाने का आग्रह किया, ताकि उन्हें बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।





