कुल्लू में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार ने स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर, कई गंभीर घायल

11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
कुल्लू।

कुल्लू स्थित शीतला माता मंदिर पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूटी और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नियंत्रण खोने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शीतला माता मंदिर पुल के पास से गुजर रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही स्कूटी व बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उन पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी तथा घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात बहाल करवाया। वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share the news