किरतपुर से मनाली तक के फोरलेन पर तीन टोल प्लाजा पर पर्यटकों और अन्य वाहन चालकों को चुकाना होगा 350 रुपये टोल

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

8 जून 2023

Car drivers will have to pay Rs 350 on three toll plaza of Kiratpur-Manali fourlane

किरतपुर से मनाली तक के फोरलेन पर तीन टोल प्लाजा पर पर्यटकों और अन्य वाहन चालकों को टोल चुकाना होगा। इसमें टकोली टोल प्लाजा को इसी माह शुरू करने की तैयारी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) कर रहा है। फोरलेन पर कार चालकों को तीन टोल पर करीब 350 रुपये टोल देना होगा। व्यावसायिक वाहनों के लिए ये दाम अलग रहेंगे। टकोली टोल प्लाजा के टेंडर जारी हो चुके हैं। इसके लिए एजेंसी भी फाइनल हो चुकी है। अब बाकी की प्रक्रिया पूरी कर इसी माह यहां पर कर्मचारी तैनात कर दिए जाएंगे। किरतपुर से मनाली तक इस फोरलेन पर तीन टोल प्लाजा लगाए गए हैं। इसमें पहला टोल बिलासपुर के गरामोड़ा में, दूसरा टोल बिलासपुर के बलोह में और तीसरा टोल टकोली में है।

अभी तक गरामोड़ा और बलोह टोल के टेंडर नहीं हुए हैं। एनएचएआई ने दोनों टोल के टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के लिए फाइल दिल्ली भेजी है। जल्द ही दोनों टोल के टेंडर जारी होने की संभावना है। कार के अलावा फोरलेन पर बस, ट्रक और हल्के व्यावसायिक वाहनों के टोल दाम भी लगभग तय किए जा चुके हैं। बस इन्हें टेंडर के बाद अधिकारिक करना बाकी है। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार गरामोड़ा टोल पर कार चालकों को करीब 170 रुपये तक देने होंगे। वहीं बलोह टोल पर करीब 70 रुपये देने होंगे। टकोली में कार चालकों को करीब 110 रुपये भरने होंगे। इसके अलावा अन्य वाहनों के लिए टोल दाम अलग होंगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news