
02 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

ऊना। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर बुधवार को जिला परिषद हॉल ऊना पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं लोगों से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में एसपी ऊना सचिन हीरामेठ, चिंतपूर्णी विधायक बलवीर सिंह चौधरी, वीरेंद्र कंवर और सतीश ठाकुर छोटू प्रधान सहित कई लोग मौजूद रहे।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि नेताओं को बयानबाजी करते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपत्तिजनक या तथ्यहीन बयानबाजी करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं को पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन रोजगार के क्षेत्र में अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करने तथा समाज को बांटने का आरोप भी लगाया।
नेपाल में राहत एवं बचाव कार्यों का किया जिक्र
अनुराग ठाकुर ने नेपाल में आपदा के बाद चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार नेपाल में फंसे लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। भारत की ओर से एनडीआरएफ की टीम नेपाल भेजी गई है और नेपाल सरकार की अनुमति के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में भारत हमेशा अपने पड़ोसी देशों के साथ खड़ा रहा है और नेपाल को भी हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार प्रतिबद्ध है।





