सुंदरनगर बस स्टैंड में चोरों का आतंक, दुकानों में सेंध लगाकर 28 हजार रुपये उड़ाए

02 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सुंदरनगर

। सुंदरनगर बस स्टैंड परिसर में देर रात अज्ञात चोरों ने न्यूज एजेंसी और मिठाई की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर करीब 28 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चोर नाले की तरफ से ईंटों की दीवार तोड़कर और लोहे की शीट काटकर दुकानों के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकानों में रखी नकदी पर हाथ साफ कर मौके से फरार हो गए।

सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे तो चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

घटना के बाद बस स्टैंड परिसर के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में हुई इस चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share the news