
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
20 जून 2023
ऊना में अंतर जिला स्तरीय सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को हुए तीन मैचों में हमीरपुर, मंडी और शिमला की टीमें विजयी रहीं। इन टीमों ने विरोधी किन्नौर, हमीरपुर और चंबा की टीमों को मात दी है। प्रतियोगिता के दो मैच जेएनवी पेखूबेला मैदान पर खेले गए। इसमें चंबा और हमीरपुर की टीमों के मध्य हुए मैच में हमीरपुर की टीम ने 110 रन से जीत दर्ज की। हमीरपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 149 रन जोड़े। बल्लेबाज आतिश पठानिया ने सर्वाधिक 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
शुभम शर्मा 21, अतुल जसवाल ने 18 रन का योगदान दिया। चंबा के गेंदबाज ऋषभ चारक ने तीन, देवेश गुलाटी ने दो और प्रशांत ने एक विकेट हासिल किया। एकतरफा मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबा की टीम 9.2 ओवर में ही पवेलियन चलते बनी। टीम के सभी बल्लेबाज मात्र 39 रन पर ही निपट लिए। बल्लेबाज नागेश सबसे अधिक 23 रन का सहयोग कर पाए। हमीरपुर के गेंदबाज अंकित मैनी ने सर्वाधिक पांच, विनय ने तीन, प्रिंस और ऋषित ठाकुर ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इसी मैदान पर प्रतियोगिता के तहत हुए अन्य मैच में बिलासपुर के खिलाफ मंडी की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर मंडी ने 178 रन का लक्ष्य निर्धारित किया। बल्लेबाज आयुष जंवाल ने सर्वाधिक 84 रन, कपिल देव ने 31 और अंकुश ठाकुर ने 18 रन का योगदान दिया। बिलासपुर के गेंदबाज अंशुल ठाकुर दो, सचित, अभय और सूर्य एक-एक विकेट ले पाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर की टीम 19.4 ओवर में 139 रन पर ढेर हो गई।
बल्लेबाज दिग्विजय सिंह ने 33, अमित राघव ने 23, आर्यव्रत, अभय और सचित शर्मा 18-18 रन का योगदान देने में सफल रहे। लेकिन मंडी की बेहतरीन गेंदबाजी में शिवम शर्मा ने तीन, आयुष और लाभ ने दो-दो जबकि राहुल ने एक विकेट हासिल किया। इसके अलावा संतोषगढ़ के पीसीपीए क्रिकेट मैदान पर शिमला और किन्नौर के बीच मैच हुआ। मैच में शिमला की टीम 80 रन से विजयी रही। किन्नौर की टीम ने टॉस जीतकर शिमला को बल्लेबाजी का न्योता दिया।
20 ओवर में शिमला की टीम ने छह विकेट गंवाकर 202 रन बनाए। बल्लेबाज मुकुल ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 70 रन, राहुल 48, सुमित ने 27 रन बनाए। किन्नौर के गेंदबाज विकास ने सर्वाधिक तीन, वैभव ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य को हासिल करने उतरी किन्नौर की टीम 19.4 ओवर में 122 रन पर ही सिमट गई। बल्लेबाज कर्ण ने 46 और विकास ने 30 रन का ही सर्वाधिक योगदान दिया। शिमला के गेंदबाज मयंक डागर ने तीन, अक्षय और योगदीप ने दो-दो विकेट झटके।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





